तंत्र क्रिया के आरोप में 9वीं के छात्र को स्कूल से मिला TC, बाल आयोग ने लिया संज्ञान

रायपुर। प्रयास विद्यालय में कक्षा 9वीं के एक छात्र को टीसी देकर स्कूल से बाहर करने के मामले में छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने संज्ञान लिया है। छात्र के पालक ने आरोप लगाया है कि तंत्र क्रिया में कथित संलिप्तता के आरोप के चलते उसके खिलाफ कार्रवाई की गई और बिना उचित जानकारी दिए टीसी जारी कर दी गई।

मामले की जानकारी मिलने के बाद आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने इसे गंभीरता से लेते हुए सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास रायपुर को विस्तृत जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

आयोग ने छात्र की टीसी निरस्त करने और उसकी पढ़ाई दोबारा जारी रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है, ताकि उसकी शिक्षा प्रभावित न हो। वहीं, तंत्र क्रिया में छात्र की संलिप्तता से जुड़े आरोप की फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हुई है।

मामले की जांच के लिए प्रयास विद्यालय के प्राचार्य और अधीक्षक को 21 सितंबर 2026 को आयोग कार्यालय में उपस्थित होकर संबंधित दस्तावेज और अपना पक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग ने अंतिम निर्णय होने तक छात्र की पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रखने पर जोर दिया है।

You May Also Like

More From Author