श्रमिक महासम्मेलन में CM साय की 3 बड़ी घोषणाएं, ई-रिक्शा पर अब मिलेगा 1 लाख रुपये अनुदान

रायपुर। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर रायपुर के बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्रमिकों के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के शहरों में श्रमिक जन सुविधा केंद्र शुरू करने की घोषणा की। इन केंद्रों में काम की तलाश में शहर आने वाले श्रमिकों के लिए बैठने और ठहरने समेत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी।

डिलीवरी का काम करने वाले श्रमिकों के लिए ई-बाइक सहायता योजना शुरू करने का भी ऐलान किया गया। इसका उद्देश्य श्रमिकों को काम के दौरान आवागमन में सुविधा देना है।

वहीं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को ई-रिक्शा खरीदने पर मिलने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया गया है। पहले यह राशि 50 हजार रुपये थी। सरकार के अनुसार, इस सहायता से श्रमिकों को स्वरोजगार शुरू करने और आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार श्रमिकों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ उनके परिवारों के कल्याण पर भी काम कर रही है।

You May Also Like

More From Author