जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कल एक दिवसीय प्रवास पर जांजगीर-चांपा जिले पहुंचे, जहां उन्होंने पोड़ी (राछा) में आयोजित सत्य निज नाम सत्संग सम्मेलन में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं और विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने रामसागर तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपये, माताओं और बहनों के लिए आजीविका भवन निर्माण, साहू समाज भवन के लिए 15 लाख रुपये, नवागढ़ में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस तथा नए धान खरीदी केंद्र भवन के निर्माण की घोषणा की।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री बिलासपुर के लिए रवाना हो गए।

