रायपुर। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai से मंत्रालय महानदी भवन स्थित उनके कार्यालय में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री Satish Chandra Dubey ने शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान राज्य के औद्योगिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा, खनिज संसाधनों के बेहतर उपयोग और आधारभूत संरचना के विस्तार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में छत्तीसगढ़ में कोयला उत्पादन बढ़ाने, खनन क्षेत्रों में अधोसंरचना को मजबूत करने, रेल नेटवर्क और लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी के विस्तार सहित औद्योगिक गतिविधियों को गति देने के उपायों पर विचार-विमर्श हुआ। साथ ही स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, कोयला गैसीकरण परियोजनाओं, सौर ऊर्जा विकास और खनिज संसाधनों के प्रभावी उपयोग के माध्यम से निवेश एवं रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर भी चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है और केंद्र सरकार के सहयोग से ऊर्जा, खनन तथा औद्योगिक विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और संतुलित क्षेत्रीय विकास सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
बैठक में राज्य के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक संवाद हुआ और केंद्र व राज्य के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।



