रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का काफिला मंगलवार को तेलीबांधा मरीन ड्राइव पर अचानक सड़क किनारे दीये बेच रही मीरा के पास रुका। मुख्यमंत्री ने मीरा से बातचीत की और ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए वहीं से मिट्टी का एक दीया खरीदा।
मुख्यमंत्री ने मीरा को दीये की कीमत के रूप में 1 हजार रुपये दिए और उसके कामकाज व परिवार के बारे में जानकारी ली। बातचीत के दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ मिलने के बारे में भी पूछा।
मीरा ने बताया कि उसका जनधन योजना के तहत बैंक खाता खुला है और उसे महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने 1 हजार रुपये की राशि मिल रही है। मुख्यमंत्री ने सड़क किनारे छोटे व्यवसाय के जरिए आजीविका चला रही मीरा के प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मीरा से खरीदा गया यह दीया ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का हिस्सा बनेगा। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जाना है। मौके पर विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे।


