कांग्रेस पर बरसे मुख्यमंत्री साय, बोले- जनता का विश्वास खो चुकी है पार्टी

रायपुर। कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के बयान पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आंतरिक मामला कांग्रेस ही देखे, यह उनका विषय है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अब जनता का विश्वास खो चुकी है और चाहे जितने प्रयास कर ले, लोगों का भरोसा दोबारा हासिल नहीं कर पाएगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस लगातार देशभर में सिमटती जा रही है क्योंकि उसकी कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा जनता को गुमराह करने का काम किया है, जिसके कारण लोगों का भरोसा पार्टी से उठता जा रहा है।

उन्होंने छत्तीसगढ़ का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2018 में प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को जनादेश दिया था, लेकिन पांच वर्षों के कार्यकाल में जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के बजाय सरकार ने लोगों को निराश किया। यही कारण है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।

एलपीजी सिलेंडर की बढ़ी कीमतों के सवाल पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध जैसी परिस्थितियों का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक हालातों से भारत भी अछूता नहीं है और ऐसे समय में सभी को देशहित में सहयोग और जिम्मेदारी के साथ आगे आना चाहिए।

You May Also Like

More From Author