रायपुर: कांग्रेस विधायक दल की बैठक राजीव भवन में आयोजित हुई, जिसमें विधानसभा के विशेष सत्र को लेकर रणनीति बनाई गई। बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने कहा कि एक दिवसीय सत्र सरकार द्वारा निंदा प्रस्ताव के लिए बुलाया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री विपक्ष पर निशाना साध सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस सत्र का बहिष्कार नहीं करेगी और सभी विधायक सदन में मौजूद रहेंगे। महिला विधायकों को भी विशेष रूप से तैयार किया गया है, जो सदन में अपनी बात मजबूती से रखेंगी।
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि सत्र में महिला आरक्षण जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी और कांग्रेस की महिला विधायक सरकार को कड़ा जवाब देंगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि आगामी पांच राज्यों के चुनाव में कांग्रेस और उसके सहयोगी दल सरकार बनाएंगे।

