मुंगेली। नीट पेपर लीक मामले को लेकर लोरमी ब्लॉक कांग्रेस ने गुरुवार को धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सांकेतिक पुतला दहन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। इस संबंध में प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया।
कांग्रेस ने परीक्षा प्रणाली में सुधार, पेपर लीक मामले पर संसद में चर्चा, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की। नेताओं का आरोप है कि परीक्षा में कथित अनियमितताओं से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है।

