धरसींवा। सम्मानपुर-नकटी मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर धरसींवा विधानसभा के विभिन्न मंडलों में भाजपा विधायक अनुज शर्मा का पुतला दहन किया गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने प्रभावित परिवारों को न्याय, उचित मुआवजा, सम्मानजनक पुनर्वास और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष भावेश बघेल ने आरोप लगाया कि सम्मानपुर-नकटी की कार्रवाई गरीब परिवारों के साथ अन्याय है और विधायक अनुज शर्मा क्षेत्र की जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं। वहीं पूर्व विधायक अनीता शर्मा ने इसे भाजपा सरकार की संवेदनहीनता बताते हुए कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवारों के साथ न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष वर्मा ने कहा कि पार्टी चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी और गांव-गांव जाकर इस मुद्दे को उठाएगी। कांग्रेस ने दोहराया कि सम्मानपुर-नकटी के प्रभावित परिवारों को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

