बिलासपुर। आय से अधिक संपत्ति के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बर्खास्त आरक्षक संतोष कुमार राठौर के खिलाफ विशेष न्यायालय में अभियोग पत्र दाखिल किया है। जांच में आरक्षक की कुल आय 46.08 लाख रुपये, जबकि खर्च 62.28 लाख रुपये पाया गया। यानी आय की तुलना में 16.19 लाख रुपये अधिक खर्च सामने आया।
ACB ने संतोष राठौर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत के आधार पर वर्ष 2024 में मामला दर्ज किया था। इसके बाद 1 दिसंबर 2024 को उसके बिलासपुर स्थित आवास सहित अन्य ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। जांच के दौरान आय, व्यय और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई।
ACB के अनुसार, उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर आय से अधिक संपत्ति का मामला प्रमाणित पाए जाने के बाद अभियोजन स्वीकृति ली गई और विशेष न्यायालय में चालान पेश किया गया।
संतोष राठौर के खिलाफ गांजा तस्करी और वसूली से जुड़ा एक अलग मामला भी दर्ज है। इस मामले में कार्रवाई के बाद उसे नवंबर 2024 में पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था।


