रायपुर: नवा रायपुर के तूता स्थल पर डीएड अभ्यर्थियों का आमरण अनशन मंगलवार को 133वें दिन में पहुंच गया। भीषण गर्मी और खराब स्वास्थ्य के बावजूद अभ्यर्थी शेष पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डटे हुए हैं। अब तक 300 से अधिक अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ चुकी है, जबकि कई गंभीर रूप से बीमार हैं।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि 1316 सहायक शिक्षक पद अब भी लंबित हैं और योग्य उम्मीदवारों को नियुक्ति नहीं मिली। वे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के पालन की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने मौन धरना, कैंडल मार्च, जल सत्याग्रह और अन्य शांतिपूर्ण विरोध के जरिए सरकार का ध्यान आकर्षित किया। आंदोलन के दौरान कई अभ्यर्थियों को जेल भी भेजा गया, लेकिन उनका मनोबल बना हुआ है।
अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि जल्द फैसला नहीं होने पर आंदोलन और उग्र किया जाएगा।


