दीपक बैज का बड़ा बयान: टीएस सिंहदेव को दी दिल्ली जाने की सलाह, सरकार पर साधा निशाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बदलने की अटकलों के बीच PCC चीफ दीपक बैज ने बड़ा बयान देते हुए वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव को दिल्ली की राजनीति में सक्रिय होने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि टीएस बाबा की दिल्ली में अच्छी पकड़ है और राज्य में युवाओं को अवसर मिलना चाहिए।

मीडिया से बातचीत में दीपक बैज ने राज्य सरकार पर बिजली संकट को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बीच प्रदेश में कई घंटों तक बिजली कटौती हो रही है, गांवों में लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है और बिजली बिल भी महंगे हो गए हैं।

बैज ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने के फैसले का विरोध करेगी और इसे वापस लेने की मांग करेगी। इसके लिए पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन की तैयारी कर रही है।

मंत्रिमंडल में बदलाव की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री को अपने मंत्रियों की कार्यशैली का अंदाजा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के मंत्री जनता की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर रहे हैं। साथ ही दावा किया कि सरकार चाहे जितने बदलाव कर ले, आने वाले समय में जनता सरकार बदल देगी।

भाजपा नेता केदार कश्यप द्वारा कांग्रेस को नक्सलवाद की “बी पार्टी” बताए जाने पर पलटवार करते हुए बैज ने कहा कि नक्सल हिंसा का सबसे अधिक नुकसान बस्तर और कांग्रेस ने झेला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भी अपने कई नेताओं को नक्सली हिंसा में खोया है।

You May Also Like

More From Author