रायपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री आज भिलाई में आयोजित पंचदिवसीय हनुमंत कथा में शामिल होने छत्तीसगढ़ पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पर पहुंचते ही उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान धर्मांतरण को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत में कैंसर से भी बड़ा खतरा धर्मांतरण है।
गौरतलब है कि भिलाई में आज से पंचदिवसीय हनुमंत कथा का शुभारंभ हो रहा है, जिसमें एक दिवसीय दिव्य दरबार का भी आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि वे भारत में यह संदेश देना चाहते हैं कि यदि देश में बांग्लादेश जैसी स्थिति नहीं चाहिए, तो यह सही समय है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि हिंदू एकजुट नहीं हुए, तो बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ जो हुआ, वैसी स्थिति भारत और छत्तीसगढ़ के चौक-चौराहों पर भी देखने को मिल सकती है।
उन्होंने कांकेर में धर्मांतरण को लेकर हुए विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी। पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि कांकेर में जो हुआ, वह ठीक नहीं था, लेकिन हिंदुओं ने जिस तरह एकता दिखाई, उसके लिए उन्होंने धन्यवाद दिया। उन्होंने आगे कहा कि उनकी कामना है कि पूरे छत्तीसगढ़ में शांति और उन्नति बनी रहे और भारत विश्व गुरु बने।
अपने बयान के अंत में उन्होंने कहा कि जब तक भारत हिंदू राष्ट्र नहीं बन जाएगा, तब तक वे इसी तरह यात्राएं करते रहेंगे।