दुर्ग में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के काफिले को रोकने के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भिलाई 3 थाने का घेराव किया। इस विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने चरोदा मेयर निर्मल कोसरे समेत 150 से अधिक कांग्रेस नेताओं के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।
27 अगस्त को भूपेश बघेल के समर्थकों ने दुर्ग के भिलाई 3 थाने का घेराव करने से पहले सिरसा गेट पर एक बड़ी सभा आयोजित की। इस सभा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। थाने के घेराव के दौरान पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया, जिससे कई कांग्रेसी नेता, जनप्रतिनिधि और पुलिस जवान घायल हुए। इस टकराव के बाद पुलिस ने 150 से अधिक लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है, जिसमें मेयर निर्मल कोसरे, मनोज मढरिया, और सुजीत बघेल प्रमुख आरोपी के रूप में शामिल हैं। पुलिस ने बीएनएस की धारा 326/24, धारा 189(2), 190, 221, 132, 121, और 324(2) के तहत दो अपराध दर्ज किए हैं।
पुलिस की ओर से दर्ज की गई एफआईआर में उल्लेख किया गया है कि प्रदर्शनकारी उग्र होकर थाने की ओर बढ़े और झूमाझटकी करते हुए झंडे की लकड़ी से पुलिस बल पर प्रहार किया। प्रदर्शनकारी थाने के भीतर घुसने की कोशिश कर रहे थे, जिससे पुलिस बल के तीन जवानों को चोटें आईं और बल के संसाधनों को भी क्षति पहुंची।
पुलिस ने कहा है कि पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग और तस्वीरों की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और अन्य लोगों पर भी कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है। एसपी जितेंद्र शुक्ला ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं ली थी, और बिना अनुमति के प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दुर्ग एसपी के निर्देश पर प्रदर्शन के दौरान इस्तेमाल की गई टेंट सामग्री और कुर्सियों को भी जब्त कर लिया गया है।