छत्तीसगढ़ में कारोबारी गुलशन बघेल के ठिकाने पर ED की रेड खत्म, मोबाइल-लैपटॉप जब्त; पूछताछ के लिए बुलाया

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में ट्रांसपोर्ट और रियल एस्टेट कारोबारी गुलशन बघेल के निवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी पूरी हो गई है। मंगलवार सुबह ऋषभ सिटी स्थित उनके आवास पर पहुंची टीम ने कई घंटों तक दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच की। कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त किए गए हैं। वहीं, गुलशन बघेल को आगे की पूछताछ के लिए ED कार्यालय बुलाया गया है।

दस्तावेजों की जांच, संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की प्रतियां ले गई टीम

जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान ED के करीब 10 अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने आवास में उपलब्ध दस्तावेजों की जांच की और चल-अचल संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की प्रतियां अपने साथ ले गए। कार्रवाई पूरी होने के बाद टीम वहां से रवाना हो गई।

पेंटहाउस और लग्जरी गाड़ियों की भी चर्चा

गुलशन बघेल का आवास ऋषभ सिटी की सातवीं मंजिल पर स्थित आलीशान पेंटहाउस बताया जा रहा है। परिसर की पार्किंग में मर्सिडीज, रेंज रोवर और फॉर्च्यूनर जैसी गाड़ियां भी मिलीं।

कथित घोटालों से जुड़े लेनदेन की आशंका

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह कार्रवाई पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सामने आए कथित शराब और कोयला घोटालों से जुड़े धन के लेनदेन की आशंका के बीच की गई है। हालांकि, छापेमारी के कारणों और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों को लेकर ED की ओर से आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

इस मामले में गुलशन बघेल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम पर कथित उगाही के आरोपों को लेकर भी चर्चा में रहा है। फिलहाल जांच एजेंसी की कार्रवाई जारी है और पूछताछ के बाद ही मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।

इसी दौरान ED की टीम ने राजधानी रायपुर के पंडरी क्षेत्र स्थित रवि नगर के सुशील विला में भी तलाशी ली। दोनों स्थानों पर की गई कार्रवाई के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

You May Also Like

More From Author