रायपुर। भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर का भाजपा का झंडा फहराते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे 15 अगस्त 2026 का बताकर दावा किया गया कि उन्होंने तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराया। हालांकि, पड़ताल में यह दावा भ्रामक पाया गया।
वायरल वीडियो पुराना है और चंद्राकर के मुताबिक यह 26 मार्च को आयोजित भाजपा प्रशिक्षण कार्यशाला का है। वहीं 15 अगस्त 2026 को धमतरी के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में चंद्राकर ने तिरंगा फहराया था।
वायरल वीडियो और 15 अगस्त के कार्यक्रम की तस्वीरों में उनके पहनावे में भी अंतर नजर आता है। वायरल वीडियो में वे नीली कोटी में, जबकि स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में मैरून कोटी में दिखाई दे रहे हैं।
चंद्राकर ने वायरल वीडियो पर कहा कि पुराने वीडियो को नए संदर्भ में पेश कर राजनीतिक भ्रम फैलाना जिम्मेदार पत्रकारिता नहीं है। उन्होंने लोगों से तथ्यों की पुष्टि के बाद ही किसी वीडियो को साझा करने की अपील की।


