रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नारायणपुर में बड़ी कार्रवाई की गई है। सड़क दुर्घटना में दिवंगत डीएसएफ आरक्षक धनेश्वर नुरेटी की पत्नी को मिले 1 करोड़ रुपये के दुर्घटना बीमा में कथित अनियमितता और अवैध वसूली के आरोप में तत्कालीन थाना प्रभारी सुरेश चंद्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी थाना प्रभारी और अधिवक्ता कृष्ण कुमार वर्मा ने बीमा राशि दिलाने के नाम पर परिजनों से 19 लाख रुपये वसूले और शेष राशि में भी 50 प्रतिशत हिस्सेदारी की मांग की। विरोध करने पर परिजनों को कानूनी कार्रवाई में फंसाने की धमकी दी गई। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर सुरेश चंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया, जबकि सह-आरोपी अधिवक्ता की तलाश जारी है। पुलिस ने कहा कि भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



