बलरामपुर। रामानुजगंज में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे बंद कराने को लेकर पुलिस और गणेश पूजा समिति के लोगों के बीच विवाद हो गया। पुलिस की कार्रवाई से नाराज समिति के सदस्य बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए और करीब आधे घंटे तक थाने का घेराव किया।
जानकारी के मुताबिक, गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने डीजे बंद करा दिया। इस पर समिति के लोग नाराज हो गए और कार्रवाई का विरोध करते हुए रामानुजगंज थाने पहुंच गए। देखते ही देखते थाने के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर अतिरिक्त बल मौके पर बुलाया। पुलिस अधिकारियों ने समिति के सदस्यों से बातचीत की और उन्हें समझाइश दी। अधिकारियों ने डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों को लेकर निर्धारित नियमों और निर्देशों का पालन करने की बात कही।
काफी देर तक चली बातचीत के बाद समिति के लोग थाने से वापस लौट गए। इसके बाद स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस प्रशासन की ओर से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी जारी रखी गई।

