गरियाबंद। मैनपुर क्षेत्र में खराब सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। गौरघाट, देहारगुड़ा, गिरहोला, आमागुड़ा, सिंहार और रामपारा समेत आसपास के गांवों के लोगों ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया और सड़क के गड्ढों में धान व बेशरम के पौधे रोपकर विरोध जताया।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 2018 में शुरू हुआ सड़क निर्माण करीब तीन साल में पूरा हुआ, लेकिन बनने के कुछ समय बाद ही सड़क जगह-जगह से उखड़ गई और बड़े गड्ढे बन गए। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों के मुताबिक इस मार्ग पर कई स्कूल भी हैं, जिससे बच्चों और अन्य राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि सड़क की स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन और चक्काजाम करेंगे।


