रायपुर। राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ, लेकिन शनिवार से इसमें करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज से 27 अप्रैल तक मध्य क्षेत्र के कुछ हिस्सों में लू चलने के आसार हैं।
हालांकि तेज गर्मी के बीच प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। नानगुर में 6 सेमी, जबकि गादीरास, दरभा, जगदलपुर और सुकमा में 1-1 सेमी वर्षा हुई। गुरुवार को सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 43.2°C दर्ज किया गया, वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 20.5°C रहा।
रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना है, जिससे गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। तापमान 43°C के आसपास अधिकतम और 29°C के करीब न्यूनतम रह सकता है।
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के अनुसार एक द्रोणिका पूर्वी विदर्भ से दक्षिण भारत तक फैली हुई है, जिसके असर से फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले दो दिनों में तापमान में 2 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है, जबकि 26 अप्रैल से प्रदेश के कुछ हिस्सों में फिर से बारिश शुरू होने के संकेत हैं।


