रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर वैश्विक स्तर पर कृषि शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। विश्वविद्यालय ने उज्बेकिस्तान के कई प्रमुख विश्वविद्यालयों और अनुसंधान संस्थानों के साथ शिक्षा, अनुसंधान, तकनीकी सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए समझौते किए हैं।
कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने फरवरी-मार्च 2026 में उज्बेकिस्तान के विभिन्न शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थानों का दौरा किया था। इस दौरान संयुक्त अनुसंधान, जैव प्रौद्योगिकी, कृषि नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग की मजबूत नींव रखी गई।
इसी कड़ी में 6 से 8 मई 2026 तक उज्बेकिस्तान का 8 सदस्यीय शैक्षणिक प्रतिनिधिमंडल इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर पहुंचेगा। प्रतिनिधिमंडल 7 और 8 मई को आयोजित “भारत एवं उज्बेकिस्तान के मध्य द्विपक्षीय शैक्षणिक, अनुसंधान एवं तकनीकी सहयोग सुदृढ़ीकरण” विषयक अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में भाग लेगा।
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल विश्वविद्यालय की अनुसंधान प्रयोगशालाओं, स्टार्टअप एवं इन्क्यूबेशन सुविधाओं और कृषि परियोजनाओं का अवलोकन करेगा। यह पहल भारत और उज्बेकिस्तान के बीच शिक्षा, अनुसंधान और कृषि सहयोग को नई मजबूती देगी।



