आरंग। कुरुद स्थित महानदी तट पर अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया है। प्रशासन की टीम ने शनिवार देर रात कार्रवाई की थी, लेकिन इसके कुछ ही घंटों बाद रविवार शाम फिर से रेत निकालने का काम शुरू होने की बात सामने आई।
बताया जा रहा है कि टीम के पहुंचने से पहले ही मौके पर मौजूद लोग और वाहन वहां से हट गए थे। कार्रवाई के बाद कुछ समय तक घाट पर गतिविधियां बंद रहीं, लेकिन शाम होते ही ट्रैक्टर और भारी मशीनें दोबारा नदी तट पर पहुंचने लगीं।
स्थानीय लोगों ने नदी और पर्यावरण पर पड़ने वाले असर को लेकर भी चिंता जताई है। वहीं, भारी वाहनों की आवाजाही से आसपास के रास्तों पर हादसे की आशंका भी बनी हुई है। प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद उत्खनन दोबारा शुरू होने से कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं।

