कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने चिल्फी बॉर्डर पर नशे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे का वजन 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.23 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस ने 31 अगस्त को चिल्फी थाना क्षेत्र में एनएच-30 पर वाहनों की जांच के दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोका था। तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए गुप्त चेंबर से पैकेटों में छिपाकर रखा गांजा बरामद हुआ।
मामले में पुलिस ने अमृतसर निवासी बलजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। गांजे के अलावा कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।

