Korba News: उफनते दादर नाले में बह गई स्कॉर्पियो, तीन युवकों को लोगों ने सुरक्षित निकाला

कोरबा। लगातार हो रही बारिश के चलते कोरबा का दादर नाला इन दिनों तेज बहाव में है। इसी बीच नाले को पार करने की कोशिश करना तीन युवकों के लिए मुश्किल साबित हुआ। तेज पानी के बहाव में उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर बह गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में तीन युवक सवार थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें तेज बहाव के बीच नाला पार नहीं करने की सलाह दी, लेकिन वाहन चालक ने आगे बढ़ने की कोशिश की। कुछ दूरी तक पहुंचते ही पानी के दबाव में वाहन अपना संतुलन खो बैठा और बहने लगा।

स्कॉर्पियो को पानी में बहता देख नाले के दोनों ओर लोगों की भीड़ जुट गई। करीब आधे घंटे तक वाहन पानी के बीच बहता रहा। इस दौरान तीनों युवक स्कॉर्पियो के साथ ही दिखाई दे रहे थे। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बारिश के दौरान दादर नाले में बढ़े जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए लोगों से ऐसे रास्तों को पार करने में सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

You May Also Like

More From Author