राजधानी रायपुर के लालपुर इलाके में आज स्थानीय लोगों ने अवैध देवार डेरा बस्ती और शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि देवार डेरा बस्ती में रहने वाले लोग अक्सर राहगीरों और स्थानीय लोगों के साथ मारपीट करते हैं, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती है। इस विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और डेरा डालने वाले 40-50 परिवारों को बोरिया खुर्द में स्थानांतरित कर रही है।
लालपुर और कमल विहार के निवासियों ने देवार डेरा के लोगों पर आए दिन मारपीट और लूटपाट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि बीती रात भी कुछ स्थानीय लोगों के साथ मारपीट की गई थी, जिसमें दो युवक घायल हो गए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
इस मामले पर सीएसपी राजेश देवांगन का कहना है कि कुछ लोग यहां अवैध रूप से डेरा डालकर रह रहे थे और स्थानीय लोग इनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने बताया कि डेरा डालने वाले लोगों को यहां से हटाकर बोरिया खुर्द में स्थापित किए गए आवासों में शिफ्ट किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस को कई बार सूचना मिली थी कि ये लोग अक्सर राहगीरों के साथ मारपीट करते हैं। बीती रात हुई घटना के बाद पुलिस ने 3-4 लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच कर रही है।




