सूरजपुर। अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने सूरजपुर जिले में बड़ी कार्रवाई की है। विशेष जांच अभियान के दौरान अवैध कोयला परिवहन करते हुए 6 मोटरसाइकिलों को जब्त कर लगभग 5 टन कोयला बरामद किया गया।
इसके अलावा राजापुर, हर्राटिकरा और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रेत परिवहन में संलिप्त 5 टिपर वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। जब्त वाहनों और खनिज सामग्री को संबंधित पुलिस थानों के सुपुर्द कर वाहन मालिकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर खनिज विभाग और जिला टास्कफोर्स द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।


