स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में बड़े फैसले, 1 अप्रैल से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र

रायपुर। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में विभागीय योजनाओं और शैक्षणिक गतिविधियों की प्रगति का आकलन किया गया। बैठक में विद्यालयों की साफ-सफाई, मरम्मत, पाठ्यपुस्तक, गणवेश और साइकिल वितरण को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

मंत्री ने ड्रॉपआउट बच्चों को 31 जुलाई 2026 तक पुनः स्कूलों में प्रवेश दिलाने, शिक्षकों की VSK App के माध्यम से शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शिक्षण गुणवत्ता में सुधार पर विशेष जोर दिया। जर्जर स्कूल भवनों को चरणबद्ध तरीके से हटाने और कार्यालयों में संलग्न शिक्षकों को उनकी मूल पदस्थापना पर वापस भेजने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रदेश के सभी विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया और पढ़ाई 1 अप्रैल से शुरू होगी। वहीं, वर्ष 2027-28 से पाठ्यपुस्तक, गणवेश और साइकिल का वितरण भी 1 अप्रैल को ही किया जाएगा। जुलाई माह से सभी शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए VSK App पर पंजीयन और उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य होगा तथा वेतन उपस्थिति के आधार पर जारी किया जाएगा।

You May Also Like

More From Author