छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा, PPP मॉडल की बड़ी परियोजनाओं पर हुई समीक्षा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) की सार्वजनिक निजी भागीदारी मूल्यांकन समिति (PPPAC) ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की।

बैठक में सार्वजनिक निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के जरिए राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रमुख परियोजनाओं में बिलासपुर में ट्रांसपोर्ट नगर का विकास, नवा रायपुर में अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर का निर्माण, धमतरी के छाती और बलौदाबाजार के चंदेरी में नए औद्योगिक क्षेत्रों का विकास शामिल है। इसके अलावा भिलाई में कमर्शियल टॉवर और फ्लेटेड फैक्ट्री बिल्डिंग निर्माण की योजनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।

मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए नियमों का सरलीकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि निवेश आकर्षित करने के लिए प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी और बाधारहित बनाना जरूरी है। बैठक में इंडस्ट्रियल पार्क के आवंटन नियमों में सुधार को लेकर भी चर्चा की गई।

बैठक के दौरान उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के सचिव रजत कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से PPP परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। इस समीक्षा बैठक में विधि एवं विधायी विभाग की प्रमुख सचिव सुषमा सावंत, वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव सहित CSIDC, योजना और वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

You May Also Like

More From Author