रायपुर। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह में आमतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जोड़े विवाह बंधन में बंधते हैं। लेकिन इस बार बेमेतरा विधायक दीपेश साहू अपनी सादगी भरी पहल से एक नई मिसाल पेश करने जा रहे हैं।
विधायक दीपेश साहू 31 मई को बेमेतरा जिला प्रशासन द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के सामूहिक विवाह समारोह में तरुणा साहू के साथ सात फेरे लेंगे। इस आयोजन में उनके साथ कुल 23 अन्य जोड़े भी विवाह बंधन में बंधेंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, केंद्रीय मंत्री एवं सांसद तोखन साहू, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित कई विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।
विधायक दीपेश साहू के सादगीपूर्ण विवाह को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह और चर्चा का माहौल है। वहीं जिला प्रशासन भी इस सामूहिक विवाह समारोह को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियों में जुटा हुआ है।



