रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे छत्तीसगढ़ में सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटों में सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।
राजधानी रायपुर में आसमान में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां बढ़ेंगी। हालांकि, अब तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से करीब 60 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

