रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले 3 से 4 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार 27 जून से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में बस्तर, कुसमी, बकावंड, बलरामपुर और गीदम सहित कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं रायपुर में उमस और गर्मी बनी रही। मौसम विभाग ने राजधानी समेत कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।


