मुंगेली में राशन दुकानों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार; 10 लाख का माल बरामद

मुंगेली। शासकीय उचित मूल्य दुकानों और सोसायटियों में चोरी करने वाले गिरोह का मुंगेली पुलिस ने ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पथरिया क्षेत्र के बेलखुरी और कलारजेवरा तथा सिटी कोतवाली क्षेत्र के पालचुवा स्थित शासकीय दुकानों से रात के समय ताले तोड़कर चावल और शक्कर चोरी की थी। चोरी का माल पिकअप वाहन से ले जाकर बोरियों की अदला-बदली के बाद बिलासपुर के व्यापारियों के जरिए बेचा जाता था।

जांच के दौरान पुलिस ने खिलेश कौशिक, राजू श्रीवास, महेन्द्र निषाद और व्यापारी बंटी उर्फ रवि पाहूजा को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर 200 कट्टी चावल (करीब 100 क्विंटल), 16 कट्टी शक्कर, 24 हजार रुपये नकद, पिकअप वाहन, 83 प्लास्टिक बोरियां और चोरी में इस्तेमाल सामान बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने मुंगेली के अलावा अन्य थाना क्षेत्रों में भी सोसायटी दुकानों से चावल, खाद और कीटनाशक चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी दी है। पुलिस इन मामलों की जांच कर रही है और गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

You May Also Like

More From Author