सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में आज एक बार फिर सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। जिले के चिंतागुफा थाना क्षेत्र के तुमालपाड़ जंगल में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई जिसमें एक नक्सली को ढेर कर दिया गया। मुठभेड़ स्थल से एक हथियार सहित बड़ी मात्रा में नक्सली सामग्री भी बरामद की गई है।
जानकारी के मुताबिक, जिला पुलिस बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर की संयुक्त टीम गश्त पर थी। इसी दौरान नक्सलियों से उनकी मुठभेड़ हो गई। दोनों पक्षों के बीच हुई इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को मार गिराया। मारे गए नक्सली की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है।
मुठभेड़ स्थल से बरामद की गई नक्सली सामग्री में हथियार, गोला-बारूद, दैनिक उपयोग की वस्तुएं और नक्सली साहित्य शामिल हैं। सुरक्षाबलों ने मौके पर पहुंचकर इलाके को घेर लिया है और पूरे क्षेत्र की तलाशी ली जा रही है।