रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ द्वारा 13 जून 2026 को रायपुर के स्व. बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों और अधिकारियों की भूमिका, योगदान और संगठनात्मक एकता को केंद्र में रखा जाएगा।
महासम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
संघ के अनुसार प्रदेशभर के उप-स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों से 18 हजार से अधिक कर्मचारी और अधिकारी अपने परिवारों सहित कार्यक्रम में भाग लेंगे।
संघ ने बताया कि यह महासम्मेलन केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की 21 वर्षों की सेवा यात्रा, कर्मचारियों के योगदान और उपलब्धियों का उत्सव भी होगा। कार्यक्रम के जरिए कर्मचारियों के बीच संवाद, समन्वय और संगठनात्मक एकता को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
महासम्मेलन के लिए एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। इससे प्रदेशभर के एनएचएम कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।

