महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ NSUI का प्रदर्शन, रायपुर में बांटी ‘मेलोडी’ चॉकलेट

रायपुर। देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक समस्याओं को लेकर एनएसयूआई ने रायपुर में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। एनएसयूआई नेता महताब हुसैन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने आम लोगों के बीच पहुंचकर ‘मेलोडी’ चॉकलेट बांटी और “मेलोडी खाओ, खुद जान जाओ” कहते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। प्रदर्शन में रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय भी शामिल हुए।

विकास उपाध्याय ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े सोशल मीडिया ट्रेंड का जिक्र करते हुए कहा कि देश की जनता महंगाई से परेशान है, जबकि प्रधानमंत्री विदेश दौरों और सोशल मीडिया गतिविधियों में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि दाल, तेल, दूध, गैस और सब्जियों की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं, लेकिन केंद्र सरकार जनता की समस्याओं पर गंभीर नजर नहीं आ रही।

इस दौरान एनएसयूआई ने NEET पेपर लीक का मुद्दा भी उठाया और केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं, किसानों और मध्यम वर्ग की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार बड़े-बड़े आयोजनों और विदेशी दौरों में व्यस्त है।

उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सरकार की नीतियों और दोहरे रवैये के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री देश के आर्थिक संकट और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर ठोस योजना जनता के सामने रखें।

कार्यक्रम में एनएसयूआई प्रदेश सचिव महताब हुसैन, जिला उपाध्यक्ष वैभव मुजेवार, लक्की साहू, सौरभ नाग, विनायक तिवारी, उत्कर्ष, अंशु गिलहरे, आर्यन गिलहरे, शेख इमरान, यशिन मेनन, हिमेश वर्मा, शुभम पटले, राहुल यादव, पीयूष रावते, अयन कोशारे, फिदा हुसैन, सलाम राजा और डैमन सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

You May Also Like

More From Author