रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव गिरने के बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब “विचार शून्य और अध्ययन शून्य” पार्टी बन गई है। जो हमें आईना दिखाने आई थी, उसे सदन में करारा जवाब मिला और उसकी राजनीतिक नैतिकता भी उजागर हो गई।
ओपी चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में महिलाओं से किए वादे पूरे नहीं किए और 18 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास भी नहीं दिला सकी। इसके बावजूद वह वर्तमान सरकार से महतारी वंदन योजना और पीएम आवास को लेकर सवाल उठा रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के भाषण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सादगी अलग है, लेकिन राजनीतिक जवाब देने का उनका अंदाज बेहद प्रभावी रहा। चौधरी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के जवाबों से कांग्रेस पूरी तरह निरुत्तर हो गई।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सरकार तानाशाही तरीके से चली और आंतरिक सत्ता संघर्ष का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ा। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस को लंबे समय तक सत्ता में रहने का अवसर मिला, लेकिन उसने कभी आदिवासी राष्ट्रपति नहीं बनाया, जबकि भाजपा ने यह ऐतिहासिक कार्य किया।

