रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 8 मई को प्रदेशभर में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। इस आयोजन में 2300 से अधिक जोड़े विभिन्न धर्मों और समुदायों के रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह बंधन में बंधेंगे। प्रशासन ने सभी जिलों में तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह योजना केवल विवाह तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक समानता, सम्मान और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मानजनक बनाने में यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजन स्थलों पर भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
उल्लेखनीय है कि फरवरी 2026 में रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह समारोह में 6,412 जोड़े विवाह बंधन में बंधे थे, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया था।


