सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने सूरजपुर जिले में एक पटवारी को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम मरहटा निवासी एक व्यक्ति ने अंबिकापुर ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम सेन्धोपारा, तहसील प्रतापपुर स्थित जमीन के नामांतरण और नौकरी संबंधी प्रतिवेदन तैयार करने के लिए पटवारी सौरभ गोस्वामी द्वारा 25 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
शिकायत की पुष्टि के बाद ACB ने 22 अप्रैल को ट्रैप कार्रवाई की और आरोपी पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


