मोहला-मानपुर में 50 लाख की अवैध शराब जब्त, ट्रक चालक गिरफ्तार

मोहला-मानपुर। जिले की मानपुर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 50.28 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब जब्त की है। यह शराब मध्यप्रदेश से महाराष्ट्र ले जाई जा रही थी।

पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर नेशनल हाईवे-930 से जुड़े मार्ग पर चेकिंग के दौरान ट्रक को रोका गया। इस दौरान चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने ट्रक में अवैध शराब होने की जानकारी दी।

जांच में ट्रक से 100 पेटी रॉयल स्टेज, 300 पेटी बीयर और 400 पेटी गोवा व्हिस्की बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत 50.28 लाख रुपये और ट्रक की कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल 75.28 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार शराब की खेप मध्यप्रदेश के मुलताई क्षेत्र से महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में खपाने के लिए भेजी जा रही थी। आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

You May Also Like

More From Author