राजनांदगांव। पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी Phoolbasan Bai Yadav के अपहरण प्रयास मामले ने प्रदेश की राजनीति गरमा दी है। विधायक Devendra Yadav ने राजनांदगांव पहुंचकर फुलबासन यादव से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था में विफल रहने का आरोप लगाया।
देवेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश में अपहरण, हत्या और चाकूबाजी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। वहीं यादव समाज के लोगों ने भी फुलबासन यादव से मुलाकात कर उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने भी फोन पर फुलबासन यादव से बात कर घटना की जानकारी ली और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। फुलबासन यादव ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताया।
दरअसल, मंगलवार को दो महिलाएं फुलबासन यादव को बहाने से कार में बैठाकर ले गई थीं। आरोपियों ने उनका मुंह बांधकर हाईवे की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन वाहन चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता से मामला सामने आ गया। फुलबासन यादव ने इशारों से पुलिस को अपहरण की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी खुशबू साहू समेत दो महिलाएं और दो पुरुषों से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।


