रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विदेशी फंडिंग को लेकर सियासत तेज हो गई है। ED की कार्रवाई पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब 2025 में राज्य और केंद्र दोनों में बीजेपी की सरकार है, तो विदेशी फंडिंग कैसे आई। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी इस मुद्दे पर राजनीति कर जनता को गुमराह कर रही है।
बीजेपी के प्रशिक्षण शिविर पर भी बैज ने निशाना साधते हुए कहा कि सरकार अपने वादे पूरे करने में विफल रही है और अब ट्रेनिंग के जरिए झूठ फैलाने की रणनीति बना रही है। वहीं, विधानसभा के विशेष सत्र को लेकर उन्होंने कहा कि यह जनता के पैसों की बर्बादी है और सरकार को रोजगार, महंगाई, कानून व्यवस्था और किसानों के मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए।



