Bhilai Shiv Mahapuran Katha: पंडित प्रदीप मिश्रा ने सरकारी स्कूलों में मंत्रोच्चारण की पहल को सराहा

भिलाई। जयंती स्टेडियम में चल रही पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में गुरुवार को कैबिनेट मंत्री एवं शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव शामिल हुए। उन्होंने व्यासपीठ पर पहुंचकर पंडित प्रदीप मिश्रा का आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं के साथ बैठकर कथा का श्रवण किया।

कथा के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा ने छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में प्रार्थना के समय मंत्रोच्चारण की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार, अनुशासन, एकाग्रता और सकारात्मक सोच विकसित करना भी जरूरी है। उनके मुताबिक मंत्रोच्चारण बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में सहायक हो सकता है।

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान और रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और नैतिक मूल्यों के विकास का आधार भी है। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार देने पर भी जोर दे रही है।

मंत्री ने शिव महापुराण कथा के आयोजन के लिए बोल बम सेवा समिति की टीम को बधाई दी। गौरतलब है कि 17 अगस्त से शुरू हुई कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कथा के चौथे दिन पंडित प्रदीप मिश्रा ने भगवान शिव की भक्ति, विश्वास और ‘श्री शिवाय नमस्तुभ्यं’ मंत्र के महत्व पर प्रकाश डाला।

You May Also Like

More From Author