रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने बारिश से पहले सभी नगरीय निकायों को नाले-नालियों की सफाई और जलभराव रोकने के लिए जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने कहा है कि 31 मई तक ड्रेनेज सिस्टम की सफाई पूरी कर ली जाए और बाढ़ से निपटने की तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।
उप मुख्यमंत्री व मंत्री अरुण साव ने निकायों की समीक्षा के दौरान स्पष्ट किया कि जून के पहले सप्ताह में राज्य स्तरीय टीम निरीक्षण करेगी। कार्य संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने नालियों की गहराई से सफाई, जल निकासी में बाधाओं को हटाने, अतिक्रमण खत्म करने और जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित कर 24 घंटे सक्रिय रखने, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने और सुरक्षित स्थान चिन्हित करने को कहा गया है।
इसके अलावा, बाढ़ की स्थिति में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए सतर्क रहने के निर्देश भी दिए गए हैं।


