रायपुर। लोक निर्माण विभाग (PWD) की विद्युत एवं यांत्रिकी शाखा में बड़ा अनियमितता मामला सामने आया है। बिलासपुर स्मार्ट सिटी द्वारा पांच वर्षों के लिए ब्लैकलिस्ट की गई मेसर्स श्री कृष्णा इंफ्रा डेवलपर कंपनी को विभाग ने करीब 13 करोड़ रुपये के तीन ठेके आवंटित कर दिए।
आरोप है कि कंपनी ने टेंडर हासिल करने के लिए झूठा शपथपत्र दिया, जिसमें खुद को किसी भी सरकारी विभाग में ब्लैकलिस्ट न होने की जानकारी दी गई। जबकि वर्ष 2023 में बिलासपुर स्मार्ट सिटी ने कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर निविदा प्रक्रिया से बाहर कर दिया था।
कंपनी को रायपुर-धमतरी क्षेत्र में विद्युतीकरण, बिलासपुर में खेल परिसर के विद्युत नवीनीकरण और नवा रायपुर-महासमुंद क्षेत्र में बिजली लाइन शिफ्टिंग के कार्य मिले हैं। मामले के सामने आने के बाद विभागीय अधिकारियों ने जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है। अब दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया और विभागीय भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।


