रायपुर। अमलीडीह फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड निर्माण को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पहल की है। उन्होंने इस संबंध में उप मुख्यमंत्री अरुण साव को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई और निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि अमलीडीह फ्लाईओवर पर चढ़ने और उतरने के लिए तीन दिशाओं में सामान्य सड़कें तो मौजूद हैं, लेकिन खुशी-वाटिका कॉलोनी की ओर पर्याप्त भूमि नहीं होने के कारण मार्ग का निर्माण अब तक नहीं हो सका है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि वर्तमान में संचालित तीनों सड़कों का शीघ्र उन्नयन किया जाए। साथ ही खुशी-वाटिका की दिशा में मार्ग निर्माण से जुड़ी समस्याओं का समाधान नगर निगम, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कॉलोनी के पदाधिकारियों के साथ समन्वय कर किया जाए।
पत्र में यह भी कहा गया है कि अमलीडीह फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड बनने से देवेंद्रनगर, शंकरनगर, फाफाडीह, उरला, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट तक आवागमन अधिक सुगम हो जाएगा। इसके अलावा वीआईपी रोड और अमलीडीह मार्ग पर यातायात का दबाव भी कम होगा, जिससे समय और ईंधन की बचत संभव है।
डॉ. रमन सिंह ने जनहित को ध्यान में रखते हुए अमलीडीह फ्लाईओवर के चारों ओर सर्विस रोड विकसित करने हेतु उप मुख्यमंत्री से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।



