रायपुर। राजधानी में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे बिजली कार्यालय के पास एक युवक को 25.27 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ पकड़ा गया। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 61 हजार 920 रुपये बताई गई है.
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि संबंधित स्थान पर एक युवक कथित तौर पर नशीला पदार्थ बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। इसके बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में लिया। उसकी तलाशी में हेरोइन के अलावा इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
गिरफ्तार युवक की पहचान 20 वर्षीय शेखर राव के रूप में हुई है, जो दुर्ग जिले के वैशाली नगर क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस ने गंज थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले भी हेरोइन से जुड़े एक मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके वितरण में अन्य लोगों की कोई भूमिका है या नहीं। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों के आधार पर की जाएगी।


