रायपुर। रायपुर नगर निगम ने संपत्तिकर के साथ वसूले जाने वाले यूजर चार्ज में बढ़ोतरी का फैसला किया है। नए निर्णय के तहत आवासीय संपत्तियों पर सालाना 120 रुपये और व्यावसायिक संपत्तियों पर 360 रुपये अतिरिक्त यूजर चार्ज लिया जाएगा।
नगर निगम का कहना है कि शहर में सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण और अन्य नागरिक सुविधाओं के बेहतर संचालन के लिए यह वृद्धि की गई है। बढ़ा हुआ शुल्क संपत्तिकर के साथ ही वसूला जाएगा।
वहीं कांग्रेस ने इस फैसले का विरोध किया है। निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि सफाई व्यवस्था में सुधार किए बिना शुल्क बढ़ाना रायपुरवासियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की स्वच्छता पर ध्यान देने के बजाय करोड़ों रुपये प्रचार और दीवार पेंटिंग पर खर्च किए जा रहे हैं।
तिवारी ने महापौर और निगम परिषद से यूजर चार्ज बढ़ाने के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है।

