रायपुर के कटोरा तालाब स्थित नेताजी होटल के संचालक के साथ पैसे की लेनदेन को लेकर मारपीट की एक घटना सामने आई है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
नेताजी होटल के संचालक राहुल चंदनानी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि वह नेताजी चौक, कटोरा तालाब, थाना सिविल लाइन, रायपुर में स्थित नेताजी होटल का संचालक हैं। 27 अगस्त को दोपहर लगभग 2:45 बजे, वह अपने होटल में बैठे थे, जब संदीप मेघानी और नितेश कुमार दुकान में आए। दोनों ने पुरानी पैसे की लेनदेन को लेकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद, सचिन मेघानी, करण बजाज, दीव्यांश सक्सेना, मनोज जोशी, कमल पारेख, और याकूब गनी अपनी गाड़ी में आ गए और एकराय होकर राहुल चंदनानी के साथ हाथ-पाई शुरू कर दी। इस मारपीट के दौरान चंदनानी को सिर, बांये हाथ, कंधे और सिर के पीछे चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि इस घटना को जितेन्द्र चंदनानी, किशन चंदनानी, कार्तिक बाघ और अन्य लोगों ने देखा और सुना।
चंदनानी ने यह भी बताया कि उनकी मां रजनी देवी चंदनानी ने बीचबचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी विवाद किया। मारपीट के दौरान चंदनानी के हाथ में पहना हुआ चांदी का ब्रेसलेट भी टूटकर गिर गया।
पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच जारी है। इस मामले में और जानकारी मिलने के बाद पुलिस उचित कानूनी कार्रवाई करेगी।