Raipur News | रायपुर. राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक के पास नगर निगम द्वारा एक आधुनिक 8 मंजिला टेक्निकल ट्रेड टॉवर का निर्माण कराया जाएगा। यह टॉवर को-वर्किंग स्पेस और व्यवसायिक गतिविधियों के लिए विकसित किया जाएगा, जिससे शहर में आईटी सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा और नगर निगम को भी अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा।
नगर निगम की योजना शाखा ने इस परियोजना के लिए ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी का चयन कर लिया है। शासन से दरों की स्वीकृति मिल चुकी है और अब जल्द ही निर्माण एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा।
हैदराबाद और मुंबई जैसी मेट्रो सिटीज की तर्ज पर इस अत्याधुनिक टेक्निकल टॉवर का निर्माण किया जाएगा। लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से तेलीबांधा क्षेत्र में कृष्णकुंज के पास 2 एकड़ भूमि पर यह परियोजना आकार लेगी। नगर उत्थान योजना के अंतर्गत शासन ने इस कार्य को मंजूरी प्रदान की है।
ट्रेड टॉवर के निर्माण से प्रदेश के युवाओं को आधुनिक को-वर्किंग स्पेस की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही मल्टीनेशनल कंपनियां यहां कांफ्रेंस, मीटिंग और प्रेजेंटेशन के माध्यम से युवाओं के साथ अपने व्यापारिक और रोजगार से जुड़े प्लान साझा कर सकेंगी।
परियोजना में मल्टीलेवल पार्किंग, क्लब हाउस, होटल जैसी सुविधाओं के साथ-साथ बैठकों के लिए विशेष स्पेस भी प्रस्तावित है। पूरा कैंपस सीसीटीवी कैमरों से लैस रहेगा, जिससे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। एक ही परिसर में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना पर काम किया जा रहा है।
जल्द जारी होगा वर्क ऑर्डर
महापौर मीनल चौबे ने बताया कि तेलीबांधा चौक के पास बहुमंजिला टेक्निकल ट्रेड टॉवर के निर्माण के लिए एजेंसी का चयन कर लिया गया है। जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा। यह नगर निगम का टेक्निकल टॉवर होगा, जहां युवाओं के लिए आधुनिक को-वर्किंग स्पेस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।