रायपुर मध्य जोन में पैदल पेट्रोलिंग, संदिग्ध चेकिंग में गांजा-शराब जब्त

रायपुर।पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के मध्य जोन में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पैदल पेट्रोलिंग और संदिग्ध चेकिंग अभियान चलाया गया। असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए यह विशेष अभियान मध्य जोन के आधा दर्जन से अधिक संवेदनशील क्षेत्रों में सघन रूप से संचालित किया गया।यह विजिबल पुलिसिंग अभियान पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने किया। अभियान में एसीपी सिविल लाइन रमाकांत साहू, थाना प्रभारी तेलीबांधा, सिविल लाइन सहित लगभग 35 अधिकारी और जवान शामिल रहे।

पुलिस टीम ने देवार पारा, तेलीबांधा बीएसयूपी कॉलोनी, श्याम नगर, मरीन ड्राइव समेत अन्य क्षेत्रों में पैदल मार्च कर गहन जांच की। इस दौरान संदिग्ध इलाकों से अवैध मादक पदार्थ गांजा और शराब की बोतलों सहित बड़ी मात्रा में नशीली सामग्री बरामद की गई।

पेट्रोलिंग के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाने वालों को यातायात बाधित न करने और नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। अड्डेबाजी करने वालों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की गई, वहीं बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को थाने भेजा गया।

इसके अलावा शराब भट्टियों के आसपास विशेष निगरानी रखी गई और चाकूबाजी करने वालों सहित अन्य असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी गई। दुकानों के बाहर अव्यवस्थित रूप से रखे गए सामान को हटवाकर व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।

You May Also Like

More From Author